देवबंद (सहारनपुर)। बाइक में टक्कर लग जाने को लेकर कुछ युवकों ने बाइक पर सवार होकर हरिद्वार जा रहे तीन कांवड़ियों के साथ मारपीट कर दी। सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में कांवडिए पुलिस को तहरीर देकर हरिद्वार के लिए रवाना हो गए।
बुधवार की दोपहर बाइक सवार तीन कांवड़िए रणखंडी मार्ग से होते हुए हरिद्वार जा रहे थे। जब वह नगर के शास्त्री चौक पर पहुंचे तो पीछे से आई बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके चलते उनके बीच कहासुनी होने लगी। इस दौरान वहां कुछ ओर लोग भी पहुंच गए और देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने तुरंत ही डायल-100 को फोन कर इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर शांत किया तथा मारपीट करने के आरोप में फल की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि टक्कर मारने वाला बाइक सवार वहां से फरार हो गया। रेलवे रोड पुलिस चौकी प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि बाइक की टक्कर लगने को लेकर मामूली मारपीट हुई। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। घटना की बाबत कांवड़िए पिंकू, राहुल और जितेंद्र ने अज्ञात युवकों के विरुद्ध तहरीर दी और उसके बाद वह हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। बता दें कि कांवड़ियों ने पुलिस को जो तहरीर दी है उसमें उन्होंने अपना पता नहीं लिखा और न ही पुलिस ने यह गवारा समझा कि उनसे उनके पते के बारे में पूछ सके। लेकिन फिर भी पुलिस जांच करने की बात कह रही है।