सहारनपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक शरद सचान ने कहा कि सहारनपुर परिक्षेत्र में बढ़ते अपराधों को नियंत्रित किया जाए। कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरी यात्रा की निगरानी की जाए। साथ ही वालंटियर्स एवं स्वयं सेवी संस्थाओं से संपर्क कर कांवड़ यात्रा में सहयोग लिया जाए।
डीआईजी शरद सचान मंगलवार को सहारनपुर मंडल केे तीनों जिलों सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परिक्षेत्र में अपराधों में वृद्धि न होने पाए। महिला अपराधों को रोका जाए। अपराधियों के विरुद्ध एनएसए, गुंडा एक्ट एवं गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई कम हुई है। अपराधियों को चिह्नित कर इन धाराओं में कार्रवाई की जाए। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र के सभी चेक पोस्टों पर संदिग्ध तत्वों की चेकिंग कराई जाए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मॉल्स, सिनेमाघर, महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल, मुख्य बाजारों में चेकिंग कराई जाए। वाहनों की चेकिंग कराई जाए, लूट, चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए योजना बनाकर कार्रवाई की जाए। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए छोटी-छोटी घटनाओं पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जेल में बंद अपराधियों पर नजर रखी जाए और उनके द्वारा दी जा रही धमकियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। लंबित विवेचनाओं का निस्तारण, वांछितों, वारंटियों की गिरफ्तारी की जाए, अवैध शस्त्र की तस्करी रोकी जाए। अवैध खनन, जुआ, सट्टा, गोकशी पर प्रभावी रोक लगाई जाए।