सहारनपुर। पांवधोई नदी को साफ करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दूसरे दिन बड़ी संख्या में मजदूर फावड़ा लेकर नदी में उतरे। मजदूरों ने करीब आठ घंटे तक बिना रुके नदी में सफाई अभियान चलाते हुए शंकलापुरी स्थित उद्गम स्थल से कचरे को बाहर किया।
पांवधोई नदी के उद्गम स्थल पर दूसरे दिन भी सफाई अभियान जारी रहा। कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने पहल करते हुए नदी को साफ कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने सोमवार को डीएम आलोक कुमार पांडेय और नगर निगम के अधिकारियों को साथ लेकर शंकलापुरी स्थित उद्गम स्थल का दौरा किया था। उन्होंने शकलापुरी के प्रधान सोनू कुमार को मनरेगा के तहत मजदूर लगाकर नदी की सफाई कराने के निर्देश दिए थे। अगले दिन मंगलवार को ही बड़ी संख्या में मजदूर नदी पर बने घाट की सफाई करने में जुट गए थे। दूसरे दिन बुधवार को मजदूरों ने नदी में उतरकर नदी की संपूर्ण सफाई की। ग्राम प्रधान सोनू कुमार ने ग्रामीणों से भी नदी की सफाई में सहयोग करने की अपील की है। दूसरे दिन सफाई अभियान के दौरान पूर्व प्रधान ताराचंद, दिलशाद, ग्राम सचिव अनिल कीर्तज, रोजगार सेवक रईस आलम, टीसी कुमार, कंवरसैन सहित अनेक लोग मौजूद रहे। ग्राम प्रधान ने बताया कि उनके क्षेत्र में नदी का जितना भी हिस्सा है उसे पूरा साफ कराने के बाद ही अभियान रुकेगा।
पांवधोई के उद्गम स्थल पर फिर पहुंचे कमिश्नर
सहारनपुर। कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी बुधवार की शाम करीब पौने छह बजे फिर से गांव शंकलापुरी स्थित पांवधोई नदी के उद्गम स्थल पर पहुंचे। वह करीब एक घंटा नदी के उद्गम स्थल पर रुके और साफ-सफाई का जायजा लिया। यहां दो दिन से चल रहे नदी के सफाई अभियान की उन्होंने सराहना की। उन्होंने ग्राम प्रधान सोनू कुमार और ग्रामीणों के प्रयास को सराहा। कमिश्नर तीन दिन में दूसरी बार नदी के उद्गम स्थल पर पहुंचे थे। उनके साथ अधिकारियों की पूरी टीम भी थी।