जिंदगी के छह मिनट कम करती है एक सिगरेट
सहारनपुर। आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट देखें तो भारत में तंबाकू का सेवन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो चिंता की बात है। ऐसे में जरूरी है कि लोगों को जागरूक किया जाए। चिकित्सकों की मानें तो छोटी सी दिखने वाली एक सिगरेट मनुष्य की जिंदगी के छह मिनट कम कर देती है।
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संजीव मिगलानी ने बताया कि विश्व में एक अरब 20 करोड़ से अधिक लोग तंबाकू का सेवन बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला और गुटखा आदि के रूप में करते हैं। अकेले भारत में तंबाकू से बने उत्पादों का सेवन करने वालों की संख्या 12 करोड़ से अधिक है। भारत में प्रत्येक वर्ष दस लाख लोग तंबाकू की वजह से दम तोड़ते हैं। धूम्रपान करने वालों में से एक चौथाई लोगों की मौत का कारण तंबाकू बनता है। इसमें मुख्य रूप से हानिकारक तत्व निकोटीन होता है, जिसकी वजह से शरीर में न्यूरोट्रांसमीटर जैसे डोपामीन, ग्लूटामेट, सीरोटोनीन आदि का रिसाव बढ़ जाता है, जिसकी वजह से सेहत प्रभावित होती है। उन्होंने लोगों को तंबाकू और उससे बने उत्पादों का सेवन न करने की सलाह दी है।
-------------------------------
तंबाकू के सेवन से होने वाली प्रमुख बीमारियां
- फेफड़ों और दिल की बीमारी जैसे हार्ट अटैक, हाई ब्लड प्रेशर आदि।
- स्ट्रोक आना, फेफड़ों में कैंसर हो जाना।
- ब्लेडर कैंसर और खाने की नली का कैंसर।
-एसीडीटी का बढ़ना।
-गर्भावस्था में महिलाओं का वजन कम होना तथा पेट में ही बच्चे का मर जाना।