दुर्गा कालोनी में फ्रिज के पानी में मिला डेंगू का लार्वा
देवबंद। डेंगू बुखार से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कसरत तेज कर दी है। स्वास्थ्य टीमों का गठन कर घर-घर जाकर सर्वे कराया जा रहा है। लोगों को समझाया जा रहा है कि वह अपने आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। कहीं भी डेंगू का लारवा मिलता है तो 5000 रुपये तक का जुर्माना किया जाएगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य पर्यवेक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीमों ने बुधवार को रेलवे रोड स्थित दुर्गा कालोनी, लाजपत नगर आदि में घर-घर जाकर डेंगू का सर्वे किया। दुर्गा कालोनी निवासी धनंजय के घर में रखे फ्रिज के पानी में स्वास्थ्य टीम को डेंगू का लार्वा पनपता मिला। टीम के सदस्यों भूप सिंह, नितिन शर्मा, रीना, ममता, साक्षी, पारूल, रीतू सहित अन्य ने तुरंत फ्रिज खाली कराकर चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी घर में यदि डेंगू का लार्वा पाया गया तो पांच हजार रुपये तक का जुर्माना किया जाएगा। सर्वे के दौरान डेंगू बुखार से बचने के लिए लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई। बताया गया कि साफ पानी जैसे कूलर, फ्रिज, गमले, टायर, खाली बर्तन आदि में डेंगू का लार्वा पनपता है। इसलिए लोग अपने कूलर, फ्रिज आदि का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें। इन बर्तनों और उपकरणों का सुखाकर उपयोग किया करें।