सहारनपुर। जिला कारागार में बंद एक युवती समेत छह बंदियों ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा पास की है। परीक्षा परिणाम आने के बाद इन परीक्षार्थियों ने साथी बंदियों के गले लगाकर खुशियों का इजहार किया।
जिला कारागार में यह बंदी विभिन्न मामलों में जिला कारगार में पिछले काफी समय से बंद हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक देवराज सिंह और दुर्गेश ने यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट तथा जौनी, नितिन कुमार, तारीक, नीतू दसवीं कक्षा में द्वितीय श्रेणी प्राप्त की है। यह सभी बंदियों ने यूपी बोर्ड के व्यक्तिगत परीक्षा के फार्म भरे थे। इनमें कुछ उस समय जेल में बंद थे और कुछ बाद में जेल में आए। सभी जेल में रहते हुए नियमित रूप से अपनी पढ़ाई करते रहे। सुबह जल्दी उठकर रोजाना पढ़ाई करते थे। इसके बाद जेल की दिनचर्या के बाद शाम को देर रात तक पढ़ते थे। इन बंदियों के पास होने की जेल प्रशासन ने भी सराहना की है। साथ ही इन बंदियों ने यह संदेश दिया कि जेल में बंद हर बंदी अपने जीवन में सुधार ला सकता है। इसी तरह उन्होंने जेल में रहते हुए कड़ी मेहनत कर परीक्षा में द्वितीय श्रेणी प्राप्त की।
---------------------------------------
जिला कारागार में बंद रहते हुए एक युवती सहित छह बंदियों ने यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट और दसवीं की परीक्षा में भाग लिया। इन्होंने कड़ी मेहनत से बिना किसी ट्यूशन के परीक्षा में द्वितीय श्रेणी प्राप्त की है। इनकी मेहनत से अन्य बंदियों को भी अच्छा संदेश मिला है।
----------------वीरेश राज शर्मा, जेल अधीक्षक सहारनपुर
-