महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक मनाया गया
सरसावा। विश्व को शांति और अहिंसा का संदेश देने वाले जैन धर्म के प्रवर्तक महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक हर्ष के साथ मनाया गया। बृहस्पतिवार को नगर के सर्राफा बाजार स्थित पंचायती जैन मंदिर में जैन समाज ने 24वें तीर्थंकर महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए। परंपरागत रूप से सुबह पांच बजे प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। प्रभात फेरी सर्राफा बाजार स्थित मंदिर से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए सुबह छह बजे वापस मंदिर पर आकर संपन्न हुई।
इसके पश्चात नगर के दोनों जैन मंदिरों और समाज द्वारा संचालित संस्थाओं पर स्वास्तिक विभूषित धवल ध्वज फहराये गए और झंडा गान गाया गया। इसके उपरांत मंदिर जी में महावीर स्वामी जन्म कल्याणक पूजा की गई। दोपहर में मंदिर जी में ण्मोकार मंत्र का पाठ किया गया तथा शाम के समय आरतियां तथा भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जैन शास्त्रों के विद्वान सतीश चंद जैन के बताया कि महावीर स्वामी के जीयो और जीने दो, अहिंसा परमो धर्म आदि संदेश आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए। यदि जैन धर्म के शास्त्रों आगम में वर्णित सिद्धांतों को अपनाया जाए तो आज विश्व शांति संभव है। इसलिए जैन धर्म को विश्व धर्म भी कहते हैं।