सहारनपुर। मां फेसबुक पर चैटिंग नहीं करने देती थी। उसे बार-बार पीटती थी, अब फोन भी छीन लिया था। वह घर छोड़कर कहीं दूर जाकर अकेले रहना चाहती थी। छात्रा घर से 72 हजार रुपये लेकर निकली थी। लखनऊ से बरामद हुई छात्रा ने पुलिस बातचीत में कुछ ऐसा ही बयां किया है।
बुधवार को स्कूल के बाद लापता हुई छात्रा को लखनऊ में बरामद किए जाने के बाद पुलिस शुक्रवार को उसे लेकर सहारनपुर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रा से लापता होने के कारणों पर विस्तार से बातचीत की। पुलिस ने छात्रा के हवाले से बताया कि वह अपनी मां के डांटने से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी। मां उसके फेसबुक पर चैटिंग करने पर हर समय गुस्सा करती रहती थी। उसे अक्सर पीटती रहती थी। उसका एंड्रायड मोबाइल, टेबलेट भी छीन लिया था। मां की रोज-रोज की पिटाई से परेशान होकर घर छोड़ने का निर्णय लिया। उसने बताया कि वह घर से बहुत दूर निकल जाना चाहती थी। जिससे वह आजाद होकर रह सके। उसके साथ कोई रोक-टोक का ना कर सके। पहले वह दिल्ली चली गई, लेकिन वहां से वह लखनऊ के लिए ट्रेन से रवाना हो गई। उसने बताया कि वह लखनऊ में ही कुछ दिन रहना चाहती थी। उधर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है। कोर्ट में बयान कराकर छात्रा को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
----------------
फेसबुक पर हैं छात्रा के 32 अकाउंट
पुलिस के अनुसार छात्रा के लापता होने के बाद उसके बारे में जानकारी की गई तो उसके एक के बाद एक करके फेसबुक पर 32 अकाउंट सामने आए। ऐसे कई अकाउंट हैं, जिनसे वह निरंतर चैटिंग करती थी। पुलिस फेस बुक से जुडे़ दोस्तों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बुधवार को छात्रा ने स्कूल की छुट्टी होने के बाद कोर्ट रोड स्थित मोबाइल की एक दुकान से तीन हजार रुपये का नया एंड्रॉयड मोबाइल खरीदा। उसमें उसने गाने भरी हुई चिप डाली। उसके मोबाइल में चिप न होने के कारण पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं कर पा रही थी।
----------------
कई दिन पहले से घर छोड़ने की थी तैयारी
छात्रा ने घर जाने की तैयारी स्कूल आने से पहले ही कर ली थी। घर से निकलने से पहले उसने घर में रखे 72 हजार रुपये एवं कुछ कपड़े बैग में रख लिए थे। स्कूल में पूरे दिन पढ़ाई की और छुट्टी के बाद पिता के आने से पहले ही स्कूल से निकल गई। उसके बाद टेंपो में बैठकर रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
--------------
नाबालिग बता कर होटल मैनेजर ने नहीं दिया कमरा
सहारनपुर से ट्रेन में बैठकर छात्रा दिल्ली पहुंची। वहां रात को पहाड़गंज क्षेत्र के एक होटल में पहुंची। उसने होटल मैनेजर से ठहरने के लिए एक कमरा लेने का प्रयास किया। लेकिन छात्रा की उम्र मात्र 13 वर्ष देख होटल मैनेजर ने उसे नाबालिग बताते हुए कमरा देने से इंकार कर दिया। जब उसने जिद की तो पहले उसके पिता का फोन नंबर पूछा। फोन किया, लेकिन जब फोन नहीं उठा तो होटल मैनेजर ने कमरा न होने की बात कहते हुए उसे चलता कर दिया था।
----------------------
मां ने एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
पुलिस अभी छात्रा को बरामद करके सहारनपुर पहुंची भी नहीं थी, उससे पहले ही छात्रा की मां एक युवक को पकड़कर नगर कोतवाली ले आई। मां ने उस पर बेटी को गुम करने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि छात्रा की मां ने युवक को बहाने से घर बुलाया। आरोप है कि जैसे ही युवक उसके घर पहुंचा तो छात्रा की मां ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने छात्रा की मां को समझाने की कोशिश की। जांच में जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन छात्रा की मां अपनी जिद पर अड़ी रही।