12 मार्च को छह केंद्रों पर होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा
सहारनपुर। सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा 12 मार्च को होगी। इसके लिए जनपद में कुल छह केंद्र बनाए गए हैं, जिनपर तीन हजार 723 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। शिक्षा विभाग परीक्षा की तैयारी में जुटा है। परीक्षा को नकल विहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।
डीआईओएस आरके तिवारी ने बताया कि परीक्षा को लेकर पांच मार्च को कृषि उत्पादन आयुक्त/अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई है, जिसमें परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए दिशा निर्देश मिले हैं। परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रोनिक्स डिवाइस आदि को लेकर जाने पर पाबंदी रहेगी। उक्त सामग्री को लेकर केंद्र में एंट्री करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्घ कार्रवाई होगी। अभ्यर्थियों को वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र, आधार कार्ड की मूल कॉपी, प्रशिक्षण योग्यता का प्रमाण पत्र, अंतिम सेमेस्टर का अंकपत्र की मूल प्रति, शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रमाण पत्र में से किसी एक प्रमाण पत्र को साथ लाना होगा। प्रमाण पत्र नहीं लाने वाले अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। परीक्षा का समय सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक रहेगा।
इन कॉलेजों को बनाया केंद्र
- बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज चकराता रोड।
- एसडी इंटर कॉलेज चकराता रोड।
- राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पुल जोगियान।
- राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट।
- गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज गांधी पार्क।
- इस्लामिया इंटर कॉलेज।