सहारनपुर। नगर कोतवाली के मोहल्ला राधा विहार में दोपहर में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। महिला को आग से बचाने के प्रयास में पति एवं ससुर के भी हाथ झुलस गए, जबकि बच्चे के पैर भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर कोतवाली के मोहल्ला राधा विहार निवासी विवाहिता शालू पत्नी ललित कुमार दोपहर को रसोई में खाना बना रही थी। ससुरालियों के अनुसार अचानक सिलेंडर से गैस लीक हो गई और आग की लपटों ने शालू को घेर लिया। चीखने की आवाज सुनकर पति एवं ससुर उसे बचाने के लिए दौड़े। शालू को बचाने के प्रयास में पति ललित और ससुर धर्मपाल के भी हाथ झुलस गए। पास ही बैठा सवा साल का बच्चा भी इस आग की चपेट में आ गया और उसके पैर भी झुलस गए। घर से धुआं उठता देख मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए और गंभीर रूप से झुलसी शालू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शालू का सवा साल का बच्चा, पति ललित और ससुर धर्मपाल को भी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर विवाहिता शालू, उसके पति ललित तथा ससुर धर्मपाल से पूछताछ की। विवाहिता की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।
नगर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार शर्मा का कहना है कि गैस लीक होने से आग से विवाहिता के झुलसने की बात कही जा रही है। अभी तक हादसा ही नजर आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है। विवाहिता के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। इस मामले में पुलिस के पास कोई तहरीर अभी तक नहीं आई है।