रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। जिला स्वच्छता समिति द्वारा आयोजित मासिक धर्म प्रबंधन प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्घाटन के मौके पर जिलाधिकारी पीके पांडेय ने मासिक धर्म जैसे गंभीर विषय पर प्रतिभागियों को अत्यंत भावनात्मक रूप से अभिप्रेरित किया। आहवान किया कि तकनीकि दक्षता अर्जित कर व्यक्तिगत स्वच्छता से अभियान को जन आंदोलन बनाएं।
कार्यशाला के शुभारंभ के मौके पर जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि वह पूरे क्षेत्र को खुले में शौच मुक्त कराए और जहां जिस गांव में शौचालय पूर्ण नहीं हुए हैं। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराए। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने मासिक धर्म प्रबंधन पर चर्चा करते हुए कहा कि विद्यालयी शिक्षा के साथ-साथ इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ कर स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त करना जरूरी है। राष्ट्रीय संदर्भदाता उर्मिला चानम द्वारा कार्यशाला के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर संस्थान के नवनिर्मित सेमिनार हाल का जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से फीता काट एवं दीप प्रज्ज्वलित कर लोकार्पण किया। सहायक आयुक्त प्रशिक्षण आचार्य क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान डा. प्रदीप राघव ने संस्थान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी हर्ष वर्धन, उपजिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता के अलावा महिला समाख्या, बाल विकास, पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहित सुधा तिवारी, लोती राम, अनूप सिंह, मानज शर्मा, अश्वनी कुमार, राजकुमार आदि रहे।