सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी अहिंसा और सामाजिक एकता में विश्वास करते थे। गांधी जी ने भारत की अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने तथा सामाजिक समरसता के लिए हमेशा संघर्ष किया। उन्होंने देशवासियों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी हमेशा स्वच्छता को स्वतंत्रता से ज्यादा जरूरी मानते थे। इसी वजह से उन्होंने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का आजीवन प्रयास किया। उनका मानना था कि निर्मलता और स्वच्छता दोनों ही स्वस्थ और शांतिपूर्वक जीवन के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के इतने सात बाद भी स्वच्छता के लक्ष्य में हम अभी भी पीछे है। पूर्वाह्न 11 बजे दो मिनट का मौन रखकर गांधी जी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसके दूबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार आदि रहे।