शहर सीट की हार की टीस मिटाने का मंत्र दे गए डिप्टी सीएम
सहारनपुर। विधानसभा चुनाव में सहारनपुर नगर सीट पर मिली हार का बदला भाजपा नगर निगम की मेयर सीट पर जीत हासिल कर लेना चाहती है। शहर सीट हारने की टीस डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भाषण में भी दिखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस हार का बदला लेने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मां शाकंभरी देवी और देवबंद के त्रिपुर बाला सुंदरी मंदिर को पर्यटन स्थल बनाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रदेश सरकार काम शुरू कर चुुकी है। प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं। विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, जिसका लाभ हर वर्ग के लोगों तक पहुंच रहा है। गरीब का उत्थान भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। हमारी सरकार में प्रदेश तरक्की राह पर तेजी से दौड़ रहा है।
सरकार की उपलब्धियां गिनवाई
सहारनपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनवाई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने विधानसभा चुनाव में जारी किए संकल्प पत्र में जो वादे किए थे, उन्हें एक-एक कर पूरा करने का काम किया जा रहा है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट की बैठक में किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्जा माफ किया गया। किसानों का गन्ना भुगतान कराया गया। पापुलर किसानों की समस्या का समाधान किया जा रहा है। प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाया जा रहा है। दिल्ली-सहारनपुर को राष्ट्रीय राजमार्ग की श्रेणी में शामिल कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनेक योजनाएं के माध्यम से हर वर्ग का उत्थान किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि
सहारनपुर। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की ताकत कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की वजह से ही देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने सरकारी तंत्र को संदेश दिया कि कार्यकर्ता का सम्मान किया जाए। जनता की समस्या लेकर आने वाले कार्यकर्ता की बात सुनी जाए और उसका समाधान कराया जाए। कोई भी कार्यकर्ता की ताकत को ना भूले।
जल्द खनन शुरू कराने का दिया भरोसा
सहारनपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद में बंद पड़े खनन को जल्द शुरू कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि एनजीटी में सरकार मजबूती से अपना पक्ष रख रही है। खनन बंद होने की वजह से आ रही परेशानी का जल्द समाधान हो जाएगा, लेकिन खनन माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।
बूचड़खानों पर भी बोले डिप्टी सीएम
सहारनपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में बूचड़खानों को बंद कराया। किसी भी सूरत में बूचड़खाने नहीं चलने दिए जाएंगे। गोवंश पर छूरी चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसलिए हमें ऐसे लोगों से सावधान रहना है, जो इस कार्य में लिप्त हैं।
विजय उत्सव मनाने आऊंगा सहारनपुर
सहारनपुर। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उनका सहारनपुर आना व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से हाथ उठवाकर निकायों में भाजपा प्रत्याशियों जिताने आह्वान किया और कहा कि चुनाव के बाद वह सहारनपुर की जनता के साथ विजय उत्सव मनाने आएंगे।