सहारनपुर। खनन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग करते हुए दी सहारनपुर सीमेंट ट्रेडर्स एसोसिएशन ने सांसद राघव लखनपाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि खनन सामग्री उपलब्ध नहीं होने से सीमेंट, पत्थर, ईंट, सरिया, सेनेटरी, लकड़ी और पेंट का कारोबार भी ठप हो गया है।
रविवार को सांसद को सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि खनन सामग्री बंद होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते सड़क और अन्य निर्माण कार्य ठप पडे़ हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और दूसरे विभागीय अधिकारियों द्वारा हरियाणा और उत्तराखंड आदि राज्यों से खनन सामग्री लाने में भी रुकावट डाली जा रही है। निर्माण कार्यों से जुडे़ मजदूर और कारीगर बेरोजगार हो गए हैं, जिससे उनके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि जो खनन सामग्री व्यापारियों के यहां स्टॉक में पड़ी थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने व्यापारियों के उत्पीड़न पर भी रोष जताया। उन्होंने सांसद से खनन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। सरदार जितेंद्रवीर सिंह, संजय भसीन, विनय गोयल, सुशील जैन, सुभाष अरोड़ा, हर्ष पोददार, महेंद्र अनेजा, अरविंद मित्तल, राजीव अग्रवाल, सागर कुमार, राकेश अरोड़ा, राकेश पुरी, सरदार हरप्रीत सिंह, सन्नी गुप्ता, रमेश गुलाटी, मनीकांत चोपड़ा, अनुराग जैन, विशाल मित्तल, अखिल कुमार, विनय गुप्ता, अचल गोयल आदि रहे।