देवबंद (सहारनपुर)। प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन मौलाना मोहम्मद कमरुज्जमा इलाहाबादी ने कहा कि पूरे दीन का दारोमदार मोहब्बत पर टिका हुआ है। इसलिए हमें अल्लाह और उसके रसूल को दुनिया की हर शय से ज्यादा महबूब बनाना चाहिए यही हमारी सफलता का रास्ता है।
शुक्रवार को मोहल्ला गद्दीवाड़ा में मौलाना अब्दुल्ला इब्नुल कमर के आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में मौलाना कमरुज्जमा इलाहाबादी ने कहा कि अल्लाह के रसूल की पूरी जिंदगी मोहब्बत और स्नेह से भरी हुई है। उन्होंने अपनों व गैरों से ऐसा ताल्लुक अमली तौर पर किया जिसकी कोई मिसाल पूरी दुनिया में नहीं मिल सकती। दुनिया में दीन व इस्लाम फैलने का एकमात्र रास्ता मोहब्बत है। उन्होंने सभी से दीन व इस्लाम के बताए रास्ते पर चलकर जिंदगी गुजारने का आह्वान किया। अंत में मौलाना कमरुज्जमा ने मुल्क में अमनो अमान व आपसी भाईचारे के लिए दुआ कराई। इस मौके पर जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष कारी सैय्यद उस्मान मंसूरपुरी, दारुल उलूम वक्फ के मोहतमिम मौलाना सुफियान कासमी, मुफ्ती महमूद बुलंदशहरी, मौलाना शकेब कासमी, मौलाना सालिम अशरफ, कारी वासिफ उस्मानी, मौलाना इब्राहीम कासमी, अब्दुल्ला उस्मानी, खालिद उस्मानी, नदीम बाबर आदि मौजूद रहे।