अधर में बीटीसी प्रशिक्षुओं का भविष्य
सहारनपुर। बीटीसी 2014 बैच के अनेक बीटीसी प्रशिक्षुओं का भविष्य अधर में है। चौथे सेेमेस्टर की परीक्षा में शामिल कराने की मांग लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्हाेंने चेतावनी दी कि यदि न्याय न मिला तो अनशन करेंगे।
बुधवार को डीएम से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचे अभिनव गहलोत, मोहम्मद परवेज, शक्ति सिंह, सलोनी गुप्ता, शिवानी और अनु ने बताया कि उनका सत्र सितंबर 2017 में पूरा होना है। बताया कि क्लास में कम उपस्थिति होने की वजह से उनको तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने से रोक दिया गया था। इसके बाद डायट प्राचार्य ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उपस्थिति पूरी होने पर शेष प्रशिक्षुओं के साथ चौथे सेमेस्टर की परीक्षा करा दी जाएगी। आरोप है कि उनकी उपस्थिति पूरी हो चुकी है। चौथे सेमेस्टर के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया 11 सितंबर से चल रही है जो 18 सितंबर तक चलेगी।
अब परीक्षाएं 25 सितंबर से होनी हैं, मगर उनके बारे कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा है। ऐसे में उनका चौथे सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने पर संकट बना है। यदि उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं किया जाता है तो उनका भविष्य खराब हो जाएगा। उन्होंने चौथे सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल कराने की मांग डीएम से की। कलक्ट्रेट पहुंचने वालों में प्रभात, पुलकित, सौरभ, वैभव, शुभम, अर्जुन, अंशुलता आदि शामिल रहे।