मदरसा शिक्षकों ने काला दिवस मनाया
सहारनपुर। शिक्षक दिवस पर एक ओर जहां जगह-जगह शिक्षकों को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर मदरसा शिक्षकों ने काला दिवस मनाते हुए नियमितीकरण की मांग की। उन्होंने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उधर, मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर स्वाभिमान बचाओ दिवस मनाया।
अखिल भारतीय मदरसा आधुनिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को शिक्षक दिवस की जगह काला दिवस मनाया। मदरसा शिक्षक मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन डीएम को सौंपने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों को नियमित करने, मानदेय बढ़ाने, रुका मानदेय दिलाने, नियमावली बनाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में आसिफ खान, महताब अली, अताउर रहमान, प्रवेश, मोहतरीन, पंकज, फैयाज, शोक रजा, सरफराज, नौशाद, बहार अहमद, बुद्घन, वाजिद, भूरा समेत अनेक शिक्षक शामिल रहे। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त शिक्षक संघ ने शिक्षक दिवस पर स्वाभिमान बचाओ दिवस मनाया। शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बीडीएम पब्लिक स्कूल में हुए कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक ने अधिकारियों पर स्कूल सचालकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। शिक्षा की बदहाली के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान अमरदीप, वीरेंद्र पंवार, संजय वर्मा, अरविंद शर्मा, शेर सिंह आर्य, शशी राणा, दिनेश रूपड़ी, शीशपाल सिंह, धनंजय शर्मा आदि शामिल रहे। उत्तर प्रदेश वित्तविहीन शिक्षक संघ ने काला दिवस मनाया। गंगोह रोड स्थित महंत जगन्नाथ दास इंटर कॉलेज में कार्यक्रम में शिक्षकों ने बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान लोकेश पंवार, अरविंद कुमार, बृजेश शर्मा, राजवीर सिंह, संदीप, निर्दोश, सतीश आदि मौजूद रहे।