तीन दिन में 7104 स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगा कोविड-19 टीका
सहारनपुर। जनपद में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 22, 28 और 29 जनवरी को 72 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें 7104 चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ का टीकाकरण किया जाएगा। इन लाभार्थियों की दूसरी डोज के लिए समान वैक्सीन को सुरक्षित रखा जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएस सोढी बताया कि 22, 28 और 29 जनवरी को जिला चिकित्सालय में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे। इनमें 1142 चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला महिला चिकित्सालय में 881 के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। नेहरू मार्केट स्थित पुराना अस्पताल, केयर अस्पताल और तारावती अस्पताल में सात सत्र आयोजित होंगे, जिन पर 700 चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ का टीकाकरण होना निर्धारित किया गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज सहारनपुर में भी सात ही सत्र होंगे, जिनमें 729 चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ को टीका लगाया जाएगा।
डॉक्टर सोढी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा में आठ सत्र आयोजित कर 845 चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर मनिहारान में सात सत्र आयोजित कर 663, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुवांरका में सात सत्र आयोजित कर 661, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजफ्फराबाद में सात सत्र आयोजित कर 730, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह में सात सत्र आयोजित कर 665 चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरौड़ा व फतेहपुर में 29 जनवरी को एक-एक सत्र आयोजित होगा। हरौड़ा में 36 तथा फतेहपुर में 52 चिकित्सकों तथा पैरा मेडिकल स्टाफ का टीकाकरण होगा। 22 जनवरी को 18 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जबकि 28 जनवरी को 25 तथा 29 जनवरी को 29 सत्र आयोजित होंगे।
इस बार 13 केंद्रों पर लगेगा टीका
16 जनवरी शनिवार को जिले भर में पांच केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए गए थे। 22, 28 और 29 जनवरी के टीकाकरण के लिए 13 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पांच केंद्र पुराने जिनमें एसबीडी जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज, सीएचसी सरसावा और सीएचसी गंगोह शामिल थे। 13 केंद्रों में आठ नए केंद्र शामिल किए गए हैं। इनमें नेहरू मार्केट स्थित पुराना अस्पताल, सीएचसी पुवांरका, सीएचसी रामपुर मनिहारान, सीएचसी हरौड़ा, सीएचसी मुजफ्फराबाद, सीएचसी फतेहपुर तथा दो निजी अस्पताल केयर अस्पताल और तारावती अस्पताल शामिल हैं।