सहारनपुर। तिब्बती मार्केट में अस्थायी रूप से दुकानें लगाने वाले सभी 70 दुकानों पर नगर निगम ने नोटिस चस्पा कराते हुए 18 जनवरी रविवार तक जगह खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। अन्यथा की स्थिति में 19 जनवरी को अस्थायी दुकानों को जबरन हटाने की चेतावनी दी है। इसे लेकर संबंधित दुकानदारों में खलबली है।
नेहरू मार्केट से लोहानी सराय तक करीब 50 साल से तिब्बती मार्केट लगती आ रही है। शुरुआत में यहां तिब्बती लोग आकर गर्म कपड़े बेचा करते थे। धीरे-धीरे वहां दुकान लगाने की परंपरा बनती चली गई। वर्तमान में दो या तीन ही तिब्बती बचे हैं। बाकी स्थानीय लोगों ने लोहे के खोखे टाइप दुकानें बनाई हुई हैं। चूंकि दुकानदारों के पास कोई आवंटन पत्र नहीं है।
ऐसे में नगर निगम ने उन्हें अवैध मानते हुए बीते वर्ष नोटिस जारी किए थे, लेकिन समय के साथ मामला दब गया। अब फिर नगर निगम ने पूरे मार्केट को हटाने का निर्णय लिया है। शनिवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने सभी अस्थायी दुकानों पर नोटिस चस्पा किए, जिन पर 18 जनवरी तक खुद ही दुकानें और अन्य सामान हटा लेने को कहा गया है। अन्यथा सोमवार 19 जनवरी से 26 जनवरी तक जबरन हटाने, कब्जा हटाने में हर्जे-खर्चे की वसूली और प्राथमिकी तक दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।