- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि संस्तृप्तिकरण अभियान में 55 हजार किसानों का हुआ नया पंजीकरण
- अभियान के दौरान 34 हजार किसानों की सम्मान निधि की स्वीकृति हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि संतृप्तिकरण अभियान सुखद परिणाम आने शुरू हो गए हैं। इसमें 55 हजार किसानों का नया पंजीकरण हुआ है। उनमें से 34 हजार किसानों की सम्मान निधि स्वीकृत हुई है, जिनके खातों में 6.80 करोड़ रुपये आगामी किस्त के आएंगे।
किसानों का आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से भारत सरकार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छह हजार रुपये प्रतिवर्ष देती है। इस राशि को वर्ष में तीन बार दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में दिया जाता है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के 3,07599 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से पात्र किसानों को सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि संतृप्तिकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत जनपद के गांव-गांव में शिविर लगाकर सम्मान निधि से वंचित पात्र किसानों का न सिर्फ पंजीकरण कराया गया बल्कि उनकी ई-केवाईसी भी कराई गई। जनपद भर में लगाए गए शिविरों में 55 हजार किसानों का नया पंजीकरण हुआ है। इनमें से करीब 13 हजार किसान अपात्र पाए गए, साथ ही इस दौरान 34 हजार नए किसानों की सम्मान निधि स्वीकृत हुई है। जिनके खातों में पहली किस्त के 6.80 करोड रुपये आएंगे। अन्य पंजीकृत किसानों की सम्मान निधि स्वीकृत करने की प्रक्रिया चल रही है।
-
वर्जन
पात्र किसान कृषि विभाग से संपर्क करें
सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित पात्र वारिस किसान अपनी खतौनी, घोषणा पत्र एवं आधार कार्ड के साथ मृतक किसान का मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और उनकी मृत्यु के बाद प्राप्त किस्तों की वापसी के प्रमाण के साथ कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। डॉ. राकेश कुमार, उप निदेशक कृषि।