छुटमलपुर (सहारनपुर)। सोमवार की रात कैंटर के नीचे आने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए कैंटर को पकड़ लिया।
हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के छुटमलपुर में घास मंडी तिराहे पर रात पौने आठ बजे हुआ। गागलहेड़ी थाने के गांव हरोड़ा का 65 वर्षीय अकरम किसी काम से छुटमलपुर आया था। घास मंडी तिराहे पर जब वह सड़क पार कर रहा था तो अचानक कैंटर के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से कैंटर को भी कब्जे में ले लिया। एसओ अमित शर्मा ने बताया परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पंचनामा भर कर शव को पीएम पर भेजा जाएगा। कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक को भी पकड़ लिया गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।