गन्ने को फॉल आर्मी कीट से बचाने के टिप्स दिए
सहारनपुर। गन्ने की फसल में लगने वाले फॉल आर्मीवार्म कीट के प्रकोप से बचाने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इस कीट के प्रकोप से गन्ने की बढ़वार पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।
उप गन्ना आयुक्त डॉक्टर दिनेश्वर मिश्र ने बताया कि गन्ना विकास निदेेशालय की ओर से गन्ने में लगने वाले फॉल आर्मीवार्म कीट के प्रकोप के बारे में अलर्ट जारी किया गया है। यह कीट मुख्यतया मक्का में लगता है। लेकिन गन्ने की बढ़वार के समय गन्ने की पत्तियों और सेंट्रल शूट पर इसका प्रकोप होता है। इससे फसल प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि इससे बचाव के लिए प्रभावित पौधों को नष्ट करने, जमीन की गुड़ाई करने, प्रभावित गन्ने का बीज का प्रयोग बुआई के लिए प्रयोग नहीं करना चाहिए। नीम ऑयल का प्रयोग करके इस कीट के अंडे देने और पोषण को रोका जा सकता है। इसके अलावा क्लोरपाइरोफॉस और मोनोक्रोटोफॉस की दो से तीन मिली लीटर मात्रा को प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करना फायदेमंद रहता है।