नागल (सहारनपुर)। रेलवे लाइन निर्माण को लेकर रेलवे अधिकारियों व भाकियू नेताओं के बीच बृहस्पतिवार की शाम को हुई वार्ता बेनतीजा रही।
बुधवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने खटौली, बसेड़ा, भरतपुर, मीरपुर मोहनपुर गांव के किसानों को अपने खेतों पर जाने के लिये रेलवे लाइन के पास पांच मीटर की चकरोड छोड़ने की मांग को लेकर लाइन निर्माण कार्य रुकवा दिया था। रेलवे प्रशासन के नाम थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा था। इस पर बुधवार की शाम रेलवे रोड स्थित भाकियू कार्यालय पर सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर एमए गौतम व एलएनडी प्रोजेक्ट मैनेजर डीआर द्विवेदी ने भाकियू कार्यकर्ताओं से वार्ता की। उन्होेंने आश्वासन देते हुए कहा कि किसानों की समस्या जायज है और वह जिले के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही चकरोड छुड़वा देंगे, लेकिन भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. विनय कुमार ने दो टूक कहा कि जब तक चकरोड नहीं छूटेगी तब तक भाकियू निर्माण कार्य नहीं होने देगी। इसके बाद अधिकारी लौट गए। वार्ता में भाकियू ब्लाक अध्यक्ष चौ. राजपाल सिंह, विजेन्द्र काला, चौ. आशीष, सुलेमान, रिंकू आदि शामिल रहे।