सहारनपुर। सपा के नगर विधायक संजय गर्ग ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में जनपद के गांव मिरगपुर में स्थित बाबा फकीरा दास मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई। बृहस्पतिवार को नगर विधायक संजय गर्ग ने विधानसभा में जनपद की तहसील देवबंद के गांव मिरगपुर स्थित बाबा फकीरादास के मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मिरगपुर वासी पिछले 500 वर्षों से बाबा फकीरादास को अपने पूर्वजों द्वारा दिए गए वचन का पालन आज भी कर रहे हैं। इस गांव का कोई भी व्यक्ति प्याज, लहसुन, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, अंडा, मांस, मछली और मदिरा का सेवन नहीं करता। वे बाबा फकीरादास द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हैं और पूरे वर्ष कई राज्यों से श्रद्धालु आकर मंदिर में प्रसाद चढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि इस गांव और मंदिर के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए सरकार को इसे पर्यटक स्थल के घोषित कर विकसित करने की मांग की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने मांग को कार्रवाई के लिए शासन को भेज दिया है।