लखनौती/छुटमलपुर (सहारनपुर)। ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार क्षेत्र पंचायत सदस्य गहरे नाले में जा गिरा। राहगीरों की सूचना के बाद जब तक एंबुलेंस मौके पर पहुंचती उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए ट्रैक्टर ट्राली में आग लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन गण्यमान्य लोगों और पुलिस ने समझा बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया। इसके बाद शव को पुलिस अपने साथ ले गई, जबकि ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव ततारपुर कलां निवासी तीस वर्षीय बीडीसी सोनू चौधरी शनिवार की देर शाम साढ़े सात बजे गंगोह से काम निपटाकर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह लखनौती-गंगोह मार्ग पर गन्ना क्रय केंद्र के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनू उछलकर बाइक समेत सड़क किनारे नाले में जा गिरा। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सोनू को बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी। जब मौके पर एंबुलेंस पहुंची तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सोनू की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सोनू के दो बच्चे हैं और वह अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजन शव को बिना कार्रवाई के अपने साथ ले जाना चाहते थे पुलिस ने ऐसा करने से मना किया तो ग्रामीण नाराज हो गए। उन्होंने हंगामा करते हुए गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली में आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि गांव के लोगों और पुलिस ने समझा बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया। इसके बाद पुलिस शव को अपने साथ ले गई, जबकि ट्रैक्टर ट्राली को भी कब्जे में ले लिया गया। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भर पीएम पर भेजा जा रहा है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। चालक फरार हो गया है।