सहारनपुर। पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज में उच्च स्तरीय सुविधाएं दिलाने के लिए सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी प्रयास करेगी। इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मांग को उठाया जाएगा।
सहारनपुर के हकीकत नगर स्थित एक सभागार में आयोजित बैठक में सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक केएल अरोड़ा ने कहा कि सहारनपुर में उच्च स्तरीय चिकित्सा नहीं होने के कारण लोगों को दिल्ली, देहरादून, मेरठ और चंडीगढ़ का रुख करना पड़ता है। जनपद में गंभीर मरीजों के लिए तो बिल्कुल भी इलाज नहीं है, जबकि पिलखनी में उच्च स्तर का मेेडिकल कॉलेज बना है, लेकिन सुविधाएं नहीं होने के कारण मेडिकल कॉलेज से मरीज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। मेडिकल कालेज को एम्स का दर्जा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। अध्यक्ष सीएम एंडले ने कहा कि गत सरकारों में यह मेडिकल कॉलेज सिर्फ राजनीति का विषय रहा है। इस कारण यहां पर विकास के समस्त कार्य अवरुद्ध हो गए हैं। इसलिए संस्था इन विषयों पर चर्चा करेगी और आगामी बैठकों में जनप्रतिनिधियों को बुलाया जाएगा। महासचिव आरके जैन ने कहा कि पूर्व में मेडिकल कॉलेज से संबंधित मांगों को उठाया जा चुका है, लेकिन सरकार ने इन पर ध्यान नहीं दिया। अब मेडिकल कॉलेज को उच्च सुविधाओं से लैस कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान संरक्षक डाक्टर पीके शर्मा, डाक्टर केके खन्ना, टीएस चन्नी, जीएल जसूजा, जगमोहन लाल खन्ना, सरदार जागीर सिंह बाजवा, यशपाल मलिक, आरपीएस त्यागी, आरके हांडा, वीरेंद्र बहल, महेश सेठ, रविंद्र सेठ, सीके गांधी, पीएन कपूर, एमके चोपड़ा, ओपी धवन, सुरेंद्र शर्मा, अशोक शर्मा, मदन दहूजा, नरेश धींगड़ा मौजूद रहे।