पहला नवरात्र आज, बाजारों हुई जमकर खरीददारी
सहारनपुर। बुधवार को शारदीय नवरात्र का पहला व्रत है। नवरात्र की पूर्व संध्या पर बाजारों में लोगों ने जमकर खरीददारी की। कई मंदिरों में विशेष अनुष्ठान होंगे, जिनकी तैयारियां पूरी कर ली गई।
बुधवार को प्रथम नवरात्र पर देवी शैलपुत्री की आराधना की जाएगी। नवरात्र को लेकर मंगलवार को बाजारों में लोगों ने जमकर खरीददारी की। नए शहर में कोर्ट रोड, दिल्ली रोड और हकीकत नगर में पूजन सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। पुराने शहर में चौक फव्वारा, भगत सिंह चौक, रानी बाजार, मोरगंज बाजार लोग खरीददारी करते हुए नजर आए।
उधर, आवास-विकास स्थित श्री हरि मंदिर और तहसील शिव मंदिर में 108 और 121 अखंड ज्योत स्थापित की जाएंगी। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। इनके अलावा श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, गिल कॉलोनी के नारायणपुुरी मंदिर में रोजाना अनुष्ठान होंगे। सुबह और शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी।
कलश स्थापित करने का मुहूर्त
ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित श्री बग्लामुखी शिव मंदिर के अधिष्ठाता पंडित रोहित वशिष्ठ ने बताया कि कलश स्थापित करने का शुभ मुहूर्त प्रात: 6:19 से 7:44 बजे तक, उसके पश्चात 7:46 से 9:13 बजे तक 10:40 से 12:06 बजे तक है। दोपहर 12:07 से 01:33 बजे तक के बीच में राहु काल रहेगा।