सहारनपुर। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में वॉचमैन की भर्ती के लिए रविवार को जनपद के 49 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें कुल 23884 अभ्यर्थियों में से 10768 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। नोडल अधिकारी ने परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न करा लिए जाने का दावा किया है।
परीक्षा के लिए जनपद में कुल 49 केंद्र बनाए गए। इनमें चार केंद्र गागलहेड़ी, जबकि शेष 45 केंद्र शहर में रहे। 12 बजे की परीक्षा के लिए अभ्यर्थी सुबह दस बजे ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। परीक्षा दोपहर 12 बजे से दो बजे तक चली। दो घंटे की परीक्षा में अभ्यर्थियों को कुल 120 प्रश्न हल करने थे। परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से हुई। कुल 49 केंद्रों के लिए 23 हजार 884 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 13 हजार 116 ने ही परीक्षा दी, जबकि दस हजार 768 गैरहाजिर रहे। परीक्षा में बुलंशहर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर समेत अनेक जिलों के अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थियों की जांच की गई, जिससे कोई अभ्यर्थी ओएमआर शीट लेकर न चला जाए। परीक्षा के दौरान केंद्रों से सौ मीटर के दायरे में सभी साइबर कैफे और फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहीं। परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थी अपने शहरों के लिए रवाना होने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर युवाओं की भीड़ से आम यात्रियों को थोड़ी परेशानी हुई। परीक्षा के नोडल अधिकारी राजेशपाल ने परीक्षा के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने का दावा किया।