बारिश से खादर क्षेत्र में हुआ फसलों का नुकसान
सहारनपुर। जिले में हो रही बारिश और जलभराव के कारण खादर क्षेत्र के कई गांवों में धान सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है जबकि नदियों में पानी के तेज बहाव के चलते नदी क्षेत्र में लगाई सब्जियों से लेेकर गन्ना, धान आदि फसलें भी बर्बाद हो गई हैं।
जिले के नदी के खादर क्षेत्र में बारिश के बाद हुए जलभराव और पानी के तेज बहाव के चलते फसलों को काफी नुकसान है। इसमें धान, गन्ना, घास सहित अन्य फसलें शामिल हैं। कई क्षेत्रों में बारिश के बाद आई हवा से धान आदि फसल नीचे गिर गई और वहां हुए जलभराव से खराब हो गई। चिलकाना क्षेत्र के गांव पाज बांगर, सुल्तानपुर, चिलकाना, नल्हेडा, नथमलपुर, दानतपुर आदि गांव के खादर के कुछ रकबे में मसखरा नदी का पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। नकुड़ के नसरुल्लापुर काजीबांस, टाबर, मल्हामजरा, धुंधा माजरा आदि में भी नुकसान की सूचना है।
इसके अलावा लखनौती के कुंडा कलां, हलवाना, बेगी, डबकोला, सराजपुर, बल्लामजरा, बानूखेडी सहित अन्य के गांव में कुछ स्थानों पर फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा नदियों में आए पानी के तेज बहाव के चलते नदी क्षेत्र में लगाई गई सब्जियों आदि की फसल भी बह गई थीं। उप निदेशक कृषि राजीव कुुमार ने बताया कि उनके पास अभी फसलों के अधिक नुकसान की सूचना नहीं है। इस बारे में जिले भर से रिपोर्ट मांगी गई है।