संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत
सहारनपुर। देहात कोतवाली के गांव पुवांरका के निकट सड़क किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उपचार के दौरान लगभग दो घंटे बाद ही युवक की मौत हो गई। युवक की शनाख्त नहीं हो सकी।
बृहस्पतिवार की सुबह लगभग चार बजे गांव के निकट सड़क किनारे पर पीआरवी के कर्मचारियों को एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। युवक के कराहने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उपचार के दौरान सुबह लगभग सात बजे युवक की मौत हो गई। युवक के पास से पुलिस को उसकी पहचान से संबंधित कुछ भी नहीं मिल सका। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में लगी है।
देहात कोतवाली प्रभारी पवन चौधरी ने बताया कि मृतक के दाहिने कंधे के पास हिंदी में संगीता लिखा हुआ है, जबकि दूसरी ओर अंग्रेजी में एस बना हुआ है। मृतक केे शरीर के एक ओर चोट है, आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन की चपेट में आने से युवक घायल हो गया था। लेकिन युवक के पास न तो कोई कागज मिला, न कोई पैसा ही मिला और न ही मोबाइल मिला है। पोस्टमार्टम और शनाख्त होने के बाद जांच कराई जाएगी।
हेलमेट ने बचाई यातायात पुलिसकर्मी की जान
सहारनपुर। बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस का सिपाही अंकित अपनी बाइक से एसबीडी चौराहे की ओर से ड्यूटी के लिए पुलिस लाइन आ रहा था। अचानक पुल के ऊपर तेजी से जा रहे एक वाहन ने उसे जोर से टक्कर मार दी और भाग निकला। जिससे अंकित बाइक सहित सड़क पर गिर गया और घायल हो गया। अंकित उस समय हेलमेट पहने हुए था। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट नहीं आई। जबकि चेहरे पर कई जगह चोट लगी। लोगों ने अंकित को तुरंत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों का कहना है कि सिपाही ने अगर हेलमेट नहीं पहना होता तो कुछ भी हो सकता था।