टूटने के कगार पर मिर्जापुर-सुंदरपुर मार्ग की पुलिया
शाकंभरी। मिर्जापुर-सुंदरपुर मार्ग पर बनी पुलिया लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते टूटने के कगार पर है। ग्रामीणों के कई बार लिखित और मौखिक शिकायत करने के बावजूद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। यह पुलिया कभी भी टूट सकती है और इससे बड़ा हादसा हो सकता है।
बता दें कि सपा सरकार में इस मार्ग का मरम्मत कार्य शुरू किया गया था। बीजेपी सरकार बनने के बाद कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। मगर दोबारा बजट स्वीकृत होने के बाद कार्य प्रारंभ कर दिया गया। मार्ग पर गांव की आबादी के बीच कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया। हाइवे पर कुरड़ीखेड़ा, तल्लाहपुर, जसमोर, नोगांवा, शाहपुर गाड़ा में रपटे की कोई मरम्मत नहीं की गई है। गांव के बीच में सड़क के कार्य को अधूरा छोड़ दिया है। इससे गांवों के बीच में पानी भर गया है। इसके चलते ग्रामीणों को असुविधा हो रही है। गांव नोगांवा में पुलिया टूटने के कगार पर है। मगर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। गांव नोगांवा निवासी महिंदर सिंह चौहान, रजापुर के प्रधान राजेश चौहान, पूर्व प्रधान इकराम प्रधान, अकबर अली, प्रधान कामिल आदि ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर अधूरे पड़े कार्य एवं कमजोर पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।