बड़गांव (सहारनपुर)। बैक करते वक्त यात्री बस ने साइकिल सवार वृद्ध को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव उमरी मजबता निवासी 70 वर्षीय चतरू पुत्र बारू साइकिल से मजदूरी के लिए जा रहा था। जड़ौदापांडा बस स्टैंड पर जब वह पहुंचा तो सहारनपुर मार्ग पर चलने वाली एक यात्री बस को उसका चालक बैक कर रहा था। बताया जाता है कि चतरू ने शोर भी मचाया, लेकिन चालक आवाज नहीं सुन सका और उसने बस नहीं रोकी जिससे चतरु बस के नीचे आ गया। बस के पहियों के नीचे कुचले जाने से चतरू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का पता चलते ही चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में मृतक की पत्नी लीलावती ने थाना पर घटना की तहरीर दी। मृतक के कोई संतान नहीं थी। उसकी मौत के बाद विधवा लीलावती का कोई सहारा नहीं बचा है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।