सहारनपुर। पत्नी की व्हाट्सएप चलाने की आदत से परेशान होकर एक पति ने एसएसपी से मिलकर तलाक दिलाए जाने की मांग की। एसएसपी ने मामले को महिला थाना भिजवा दिया है।
सोमवार को एक व्यक्ति ने एसएसपी से मिलकर बताया कि उसकी शादी को 10 साल हो गए हैं। पहले सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ समय से बीवी को व्हाट्स एप चलाने की लत लग गई। आरोप लगाया को बीवी किसी व्यक्ति से दिन-रात चैट करती है। जब एक दिन उसने पत्नी के फोन का व्हाट्सएप चेक करने की कोशिश की तो फोन में पासवर्ड लगा हुआ मिला। काफी पूछने पर भी उसकी पत्नी ने उसे पासवर्ड नहीं बताया। वह घर पर नहीं होता तो पत्नी उससे मिलने भी जाती है। एसएसपी ने उसे समझाया कि तलाक पुलिस के पास नहीं बल्कि अदालत में मिलता है। एसएसपी ने इस मामले को महिला थाने भेज दिया। पुलिस अब काउंसिलिंग करा दंपति के बीच सुलह कराने का प्रयास करेगी।