नकुड़। नगर पालिका ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए 44 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पास किया है। साथ ही पालिका बोर्ड ने नगर में विकास कार्यों को तेजी से कराने का संकल्प भी जताया है।
पालिका के सभाकक्ष में आयोजित पालिका बोर्ड की बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के लिये 44 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। बैठक में पंचवर्षीय कर निर्धारण सूची का सर्वे कराने, नगरपालिका के विभिन्न कार्य आउट सोर्सिंग से कराने कूड़ा प्रबंधन के लिए भूमि क्रय किए जाने, नगर का जीआईएस सर्वे कराने के अलावा जनवरी व फरवरी व मार्च का आय व्यय भी पारित कर दिए गए। पालिका बोर्ड ने सड़क, पथ प्रकाश, सफाई व पेयजल व नगर के सुंदरीकरण के प्रस्ताव को भी अपनी मंजूरी दे दी। पालिका सभासद रामनाथ कश्यप के अंत्येष्टि स्थल के सुंदरीकरण के प्रस्ताव को बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इसके अलावा कब्रिस्तानों व ईदगाह के पहुंच मार्गों, चारदीवारी, पेयजल की व्यवस्था कराने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी दे दी। इस मौके पर चेयरमैन शाहनवाज खान, अधिशासी अधिकारी एसके सरोज, शमशाद खां, अल्ताफ कुरैशी, कामिल, आसिफ राणा, महेश कुमार आदि सभासद उपस्थित रहे।