सहारनपुर। भाजपा पश्चिम क्षेत्र के सहकारिता प्रकोष्ठ प्रभारी रामपाल पुंडीर ने आरोप लगाया कि देवबंद क्षेत्र के गांव भायला की प्रधान और उनके पति तथा पूर्व ग्राम सचिव ने साज कर लाखों रुपये के सरकारी धन का गबन किया है।
भाजपा नेता रामपाल सिंह पुंडीर का आरोप है कि बिना प्रस्ताव पास किए और बिना चेक के सरकारी धन आहरण किया गया, जिसकी सभी एंट्री, सार्वजनिक निर्माण रजिस्टर और कोष बही की प्रतिलिपि में उनके पास है, जिसमें कहीं पर भी किसी फर्म को चेक द्वारा भुगतान नहीं किया। उक्त लोगों और ग्राम सेवक ने भुगतान अपने खाते में आहरण किया है, जो नियम विरुद्ध है। आरोप है कि सफाई मद में पांच लाख से अधिक रुपये निकाल लिए गए, जिनके बिल बाउचर फर्जी हैं। खड़ंजा, मरम्मत और इंटरलॉकिंग कार्यों का भुगतान बिना काम कराए ही कर दिया गया। सीसी सड़क निर्माण कार्य में करीब 35 लाख रुपये का खर्च दिखाया गया, जबकि हकीकत यह है कि कुछ निर्माण फर्जी दिखाए गए हैं। बिना निर्माण के ही सरकार धन का आहरण किया गया। राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में भी लाखों फर्जी तरीके से निकाले गए। इसी तरह चैनर निर्माण, स्ट्रीट लाइटों और नाला व नाली निर्माण में फर्जीवाड़ा किया गया है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। उधर, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।