सहारनपुर। बहुजन समाज पार्टी ने लोकसभा चुनाव की कवायद शुरू कर दी है। टिकट को लेकर दावेदारी भी की जाने लगी है और उम्मीदवारों की सक्रियता भी अधिक हो गई है। दावेदार अपना दावा मजबूत करने के लिए पार्टी के पदाधिकारियों से भी संपर्क बढ़ा रहे हैं। अब तक तीन दावेदार सामने आ चुके हैं।
सहारनपुर में लोकसभा चुनाव का टिकट पाने को लेकर बसपा के दावेदारों में जद्दोजहद शुरू हो गई है। दावेदारों ने न सिर्फ अपनी सक्रियता बढ़ा दी है, बल्कि जनता के संपर्क में रहने के साथ पार्टी के प्रभावी पदाधिकारियों से संपर्क करने लगे हैं। जिससे टिकट के लिए उनकी पैरवी की जा सके। टिकट को लेकर अभी तक तीन दावेदार तो सामने आ चुके हैं। जिनमें नगर निगम के चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर देकर हाईकमान की नजरों में चढ़े फजलुर्रहमान हैं। फजलुर्रहमान के नगर निगम के चुनाव में कुछ ही अंतर से पीछे रहने के चलते काफी चर्चा में रहे। जिसका उन्हें लाभ मिल सकता है। बसपा नेता जबकि शाजान मसूद का भी लोकसभा टिकट के लिए दावा मजबूत माना जा रहा है। शाजान मसूद की पत्नी को बसपा ने नगर निगम के लिए प्रत्याशी भी घोषित किया था, लेकिन बाद में उनका टिकट काट कर फजलुर्रहमान को दिया गया। पार्टी सूत्रों की मानें तो शाजान मसूद ने लोकसभा टिकट की उम्मीद में इस परिवर्तन को सहर्ष स्वीकार भी कर लिया। अब उनका भी पूरा प्रयास टिकट पाने को लेकर है। जिला अध्यक्ष के पति एवं देवबंद से पूर्व प्रत्याशी रहे माजिद को भी टिकट के दावेदारों की दौड़ में शामिल माना जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद को कब्जाने के साथ उनकी क्षेत्र में पकड़ को भी मजबूत माना जा रहा है। अभी तक तीन नाम ही दावेदारों की होड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। तीनों ही मुस्लिम चेहरे होने के चलते संभावना जताई जा रही है कि बसपा मुस्लिम प्रत्याशी उतारकर दलित-मुस्लिम समीकरण पर दांव लगाएगी। हालांकि अभी लोकसभा चुनाव में पूरा साल शेष है। ऐसे में कौन दावेदार टिकट के लिए बसपा में कितनी मजबूती से दावेदारी पेश कर सकता है। यह आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन माना जा रहा है कि कोई अन्य मजबूत प्रत्याशी सामने नहीं आया तो तीनों में से टिकट का दावेदार चुनना पार्टी के लिए सिरदर्दी भरा होगा।