सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडे ने समय पर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि समय पर भुगतान नहीं किया तो वे जेल जाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गन्ना क्रय केंद्रों और मिल गेट को नियमित रूप से संचालित किया जाए। जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पडे।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में गन्ना खरीद एवं गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी सूरत में वाहनों में ओवरलोड गन्ना नहीं ले जाने दिया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ खिलाफ कानूनी कार्यवाई की जाएगी। गन्ना ढोने वाली सभी गाड़ियों पर चीनी मिले रिफ्लेक्टर लगाकर सूचित करें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने कहा कि चीनी मिलें ऐसी व्यवस्था करें कि ओवरलोड गन्ना भरकर वाहनों पर ना जाए क्योंकि इस जानमाल का खतरा रहता है। गन्ना मूल्य भुगतान में फिसड्डी गांगनौली चीनी मिल के यूनिट हेड वाईपी सिंह को जिलाधिकारी ने भुगतान नहीं करने पर जेल भेजने की चेतावनी दी। सहकारी चीनी मिल नानौता के प्रधान प्रबंधक सत्यदेव सिंह तथा सरसावा के प्रधान प्रबंधक चेतन शर्मा को जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वे अपने चीनी मिल के प्रबंध निदेशक से वार्ता कर गत सत्र का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान अविलंब कराए। ऐसा नहीं होने पर निजी चीनी मिलों की ही भांति सहकारी चीनी मिलों के प्रधान प्रबंधकों पर भी कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि गन्ना खरीद के 14 दिन में मूल्य भुगतान न करने पर उन्हें वाहय क्रय केंद्रों से परिवहन रिबेट की कटौती नही करनी दी जाएगी। जो चीनी मिल शासन के आदेशों का उल्लंघन करेगी उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई होगी। दया शुगर मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदित्य कांबोज ने बताया कि उनकी चीनी मिल पेराई कार्य के लिए 30 दिसंबर को तैयार हो जाएगी। बिड़वी चीनी मिल के यूनिट हेड ने बताया कि उनकी चीनी मिल पेराई सत्र 2018-19 में चलेगी जिसके लिए चीनी मिल में रिपेयर मेंटीनेंस का कार्य शुरू कर दिया गया है। डीएम ने गन्ना भुगतान सहित अच्छी शुगर रिकवरी के लिए देवबंद चीनी मिल के उपाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र तथा शेरमऊ चीनी मिल के वाइस प्रेसीडेंट अनिल शर्मा की शाबासी दी। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी, सहायक चीनी आयुक्त चंदन कुमार वर्मा आदि रहे।