सहारनपुर। नगर निगम की करीब सवा अरब रुपये की जमीन पर कई कब्जे हैं। कुल 69 बीघा जमीन के 23.2 बीघा हिस्से को लेकर कोर्ट में रिट दायर की गई थी, जिसे सुनवाई के बाद कोर्ट ने रिट को खारिज करते हुए गेंद शासन के पाले में डाल दी। अब शासन ने नगर निगम प्रशासन को जमीन पर कब्जा लेने के आदेश जारी किए हैं, जिसके बाद नगर निगम के अधिकारी कब्जा लेने की तैयारी में जुट गए हैं।
रायवाला क्षेत्र में नगर निगम की 69 बीघा जमीन है। 1938 में पिंजरापोल सोसायटी को इस जमीन का 23 बीघा दो विस्वा हिस्सा गोशाला के लिए लीज पर दिया गया था। पिछले कुछ समय से नगर निगम प्रशासन लीज पर दिए गए हिस्से के साथ ही पूरी 69 बीघा जमीन पर अपना कब्जा लेने की तैयारी में है। कुछ समय से एक व्यक्ति 23.2 बीघा जमीन को नजूल की बताकर इस पर कब्जा जमाए था। निगम सूत्रों ने बताया कि उक्त व्यक्ति पिंजरापोल सोसायटी का कोई सदस्य भी नहीं रहा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने जालसाजी कर म्यूनिसिपल की इस जमीन को नजूल की दिखाया हुआ है। जमीन पर कब्जा बरकरार रखने के लिए वह कोर्ट चला गया था। कोर्ट ने प्रमुख सचिव (आवास एवं शहरी नियोजन) से मामले की जानकारी मांगी थी। कोर्ट के आदेश के बाद प्रमुख सचिव ने डीएम सहारनपुर से जमीन की रिपोर्ट मांगी थी। डीएम ने रिपोर्ट में उक्त जमीन को म्यूनिसिपल की बताया था। इसके बाद प्रमुख सचिव ने कोर्ट में रिपोर्ट सौंपी थी। निगम सूत्रों ने बताया कि कोर्ट ने कब्जाधारी की रिट को खारिज करते हुए प्रमुख सचिव को मामले के निस्तारण के आदेश दिए थे। चूंकि जमीन म्यूनिसिपल की है तो प्रमुख सचिव ने नगर निगम को जमीन पर कब्जा लेने को कहा है। इसके बाद नगर निगम ने जमीन पर कब्जा लेने की तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि रायवाला क्षेत्र में नगर नगम की यह 69 बीघा जमीन है, जिसकी कीमत करीब सवा अरब रुपये है।
---------------------------------
डंपिंग ग्राउंड जमीन में खेल की तैयारी
डंपिंग ग्राउंड की जमीन की चल रही तलाश के बीच नगर निगम की जमीन को नजूल दिखाने वाला व्यक्ति ही अफसरों के बीच सक्रिय है। शाकंभरी देवी से शहर के बीच डंपिंग ग्राउंड के लिए जमीन चयन में भी वही व्यक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सूत्रों की मानें तो इस जमीन में भी बड़े खेल की तैयारी है।
-----------------------------
इसी जमीन पर बनी है कोतवाली मंडी
नगर निगम के संबंधित अधिकारी ने बताया कि नगर निगम की जो 69 बीघा जमीन रायवाला क्षेत्र में है। उसी के एक हिस्से पर मंडी कोतवाली भी बनी हुई है। शेष कुछ जमीन पर भी अन्य लोगों का कहीं स्थाई तो कहीं अस्थाई कब्जा है। नगर निगम पूरी 69 बीघा जमीन पर एक साथ कब्जा लेने की तैयारी में है।
----------------------------------
पिंजरापोल सोसायटी के पास जमीन को जो हिस्सा था वह म्यूनिसिपल की जमीन है, जो लीज पर दी गई थी। कुछ लोगों ने उसे गलत तरीके से नजूल की बताकर हथियाना चाहा। चूंकि जमीन म्यूनिसिपल की है और शासन ने आदेश भी जारी किया है। ऐसे में जमीन पर कब्जा लेने की तैयारी की जा रही है।
गौरव वर्मा, नगरायुक्त।