खनन मामले में आज फिर होगी एनजीटी में सुनवाई
सहारनपुर। एनजीटी में जोरदार पैरवी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रविवार को दिए गए आश्वासन के बाद खनन को लेकर जगी जनपदवासियों की उम्मीद थोड़ी लंबी हो गई है। खनन खुलने को लेकर एनजीटी में चल रही सुनवाई अब मंगलवार को भी होगी। फरवरी 2016 से खनन और उसके परिवहन पर लगी रोक से परेशान जनपद वासियों की नजर अब एनजीटी के फैसले पर लगी है।
खनन पर रोक लगी होने से जिले के खनन, निर्माण सामग्री व्यापारियों से लेकर राज मिस्त्री, मजदूर तक परेशान हैं। इसके अलावा जनपद में विकास कार्य भी लगभग ठप पडे़ हैं। सोमवार को एनजीटी में इस मामले की सुनवाई हुई। करीब आधा घंटे तक चली सुनवाई के बाद मंगलवार को भी सुनवाई करने का निर्णय लिया गया। मामले की पैरवी कर रहे खान अधिकारी पीके सिंह ने बताया कि एनजीटी में पर्यावरण मंत्रालय और राज्य सरकार के अधिवक्ताओं ने अपना-अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को खनन खोलने या नहीं खोलने को लेकर निर्णय होने की उम्मीद है। एनजीटी में सुनवाई को लेकर स्टोन क्रेशर स्वामियों से लेकर इस कारोबार से जुडे़ व्यापारियों की निगाहें लगी हुई हैं। खान अधिकारी नई दिल्ली में ही डटे हुए हैं।