रामपुर मनिहारान(सहारनपुर)। मांगों को लेकर चल रहा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान ब्लाक अध्यक्ष गीता शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ियों की अनदेखी का जवाब प्रदेश की योगी सरकार को वोट से दिया जाएगा।
बाल परियोजना कार्यालय पर चल रहे धरने पर गीता शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ियों से सरकार जितना कार्य ले रही है, उसके एवज में उन्हें उतना मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वोटर सत्यापन, बीएलओ, पोलियो व सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में आंगनबाड़ियों से कार्य लिया जाता है और जब वह अपने अधिकारों की बात करती है तो सरकार उनकी समस्या की अनदेखी कर देती है। ऐसे में वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश सरकार 75 प्रतिशत प्रोन्नति कोटे की मांग को नहीं मान लेती, उनका धरना जारी रहेगा। धरने के दौरान सपना, साधना गुप्ता, राजकुमारी, समता, मंजू रानी, निशा, सीमा देवी, अनीता चौधरी, बबली, कृष्णा देवी आदि रही।