भाजपाइयों ने किया पुलिस चौकी पर हंगामा
देवबंद (सहारनपुर)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड पुलिस चौकी के एक सिपाही पर बैंक के बाहर खड़ी युवक की बाइक को उठाकर सीज करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
रणखंडी निवासी अनूप सिंह मंगलवार को किसी कार्य से सुभाष चौक स्थित पीएनबी की शाखा पर आया था। बाइक को उसने बैंक के बाहर खड़ा कर दिया। जब वापस बाहर आया तो बाइक वहां से गायब मिली। जानकारी करने पर पता चला कि एक सिपाही बाइक को रेलवे रोड चौकी पर उठाकर ले गया। पूरे कागजात दिखाने के बाद भी जब बाइक वापस नहीं की गई तो भाजपा नेता पंकज त्यागी, विहिप के विपिन गर्ग, नीटू चौधरी, अरुण गुप्ता आदि पुलिस चौकी पहुंचे और हंगामा कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने बाइक को सीज ही नहीं किया बल्कि उनके साथ भी अभद्रता की। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।