सहारनपुर। प्रदेश सरकार की फसली ऋण मोचन योजना के दायरे में जनपद के 14263 किसान आ रहे हैं, जबकि जिले के कुल 141120 किसानों ने फसली ऋण ले रखा है। अन्य किसानों को इस योजना का लाभ देने के लिए सत्यापन कार्य अभी भी जारी है।
जिलाधिकारी पीके पांडेय ने बताया कि लघु एवं सीमांत कृषकों को आर्थिक रुप से मजबूत करने और उनकी आय दोगुना करने के उद्देश्य से लघु एवं सीमांत कृषकों के लिए ऋण मोचन योजना लाई गई है। इस योजना का लाभ ऐसे लघु एवं सीमांत किसानों को मिलेगा जिन्होंने 31 अगस्त या इससे पूर्व फसली ऋण लिया हो। जनपद सहारनपुर में 1,41120 कृषकों ने फसली ऋण ले रखा है। इनमें से 51, 250 ऋणी कृषकों के खाते आधार से लिंक थे। प्रथम चरण में 17, 288 कृषक ऐसे पाए गए जिन्हें तहसील एवं बैंकों दोनों के द्वारा पात्र पाया गया। इसके बाद इनकी पुन: जांच होने पर 14,263 कृषकों को फसली ऋण योजना में पात्र पाया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिन किसानों के खाते आधार से नहीं जुडे़ है उन खातों का आधार से लिंक करवाने के लिये समस्त बैंकों एवं जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है। जिससे सत्यापन के पश्चात अन्य कृषकों को भी योजना का लाभ मिल सकेगा।