पुलिस की डायल 100 गाड़ी ने कुचला, हालत गंभीर
नकुड़ (सहारनपुर)। सुबह के सैर सपाटे पर निकले व्यक्ति को यूपी 100 पुलिस की गाड़ी ने कुचल दिया। उसे सीएचसी भर्ती कराया गया। यहां से उसे गंभीर हालत के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल के परिजनों के साथ पहुंचे क्षेेत्र के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया।
नगर के माहल्ला चौधरीयान निवासी सेवानिवृत्त कानूनगो कृष्णदत्त शर्मा ने कोतवाली में दी तहरीर देकर आरोप लगाया है कि रविवार सुबह करीब चार बजे 45 वर्षीय पुत्र नारायण दत्त शर्मा उर्फ मुकेश शर्मा सहारनपुर रोड पर सुबह की सैर के लिए गया था। करीब पांच बजे जब लौट रहा था तो निरीक्षण भवन के सामने आते ही पीछे से तेज रफ्तार से आ रही यूपी 100 पुलिस की गाड़ी ने उसे कुचल दिया। इससे नारायण दत्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया तथा घटना की सूचना फोन पर परिजनों को दी। सीएचसी के चिकित्सकों ने नारायण दत्त की गंभीर हालत को देखते हुए प्रथम उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के विरोध में नगरवासियों ने कोतवाली पहुंच विरोध जताया तथा चालक के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान विरेंद्र जैन, राजन शर्मा, नीटू मामा, विजेंद्र नारायण, अनूप सिंह, ऋषिपाल शर्मा, गोरव शर्मा आदि रहे।