हाईकोर्ट की न्यायाधीश ने किया दारुल उलूम का दौरा
देवबंद (सहारनपुर)। इलाहाबाद हाईकोर्ट की न्यायाधीश नाहिद आरा मोनिस ने रविवार को दारुल उलूम का दौरा किया। मोहतमिम मौैलाना अबुल कासिम नोमानी से मुलाकात करने के साथ ही उन्होंने देवबंदी उलमा, यहां दी जानी वाली शिक्षा, छात्रों के रहन सहन तथा संस्था के इतिहास के बारे में जानकारी हासिल की।
रविवार सुबह देवबंद पहुंचीं न्यायाधीश नाहिद आरा मोनिस ने संस्था के मेहमानखाने में मोहतमिम मौलाना नोमानी बनारसी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने संस्था के अंदर लाइब्रेरी में रखी पुस्तकों के जखीरे का अवलोकन किया। साथ ही कई बेशकीमती पुस्तकों की विस्तारपूर्वक जानकारी हासिल की। यहां से वह एशिया की प्रसिद्ध मस्जिद रशीदिया को निहारने के लिए गईं और उसके साथ ही निर्माणीधीन लाइब्रेरी भी देखी। इस दौरान न्यायाधीश नाहिद आरा ने कहा कि दारुल उलूम के बारे में जितना सुना था, यह उससे कहीं अधिक है। उनकी तमन्ना थी कि वह दारुल उलूम देखें जो आज पूरी हुई है। उन्होंने यहां के प्रबंध, तालीम और ऐतिहासिक इमारतों की जमकर प्रशंसा की। इस मौके पर जिला जज सुशीला सिंह, एडीजे बबीता रानी, ईजेएम दीपा राय, एसडीएम रामविलास यादव, तहसीलदार परमानंद, सीओ सिद्धार्थ, मौलाना मुकीमुद्दीन, तंजीम व तरक्की विभाग के उप प्रभारी अशरफ उस्मानी मौजूद रहे।