मिर्जापुर/नागल। जिले में मंगलवार को ग्राम पंचायत के उप चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। साढौली कदीम की ग्राम पंचायत मिर्जापुर में प्रधान पद के लिए 57.50 तथा नागल ब्लाॅक की ग्राम पंचायत कोरवा में 61.32 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
गांव मिर्जापुर में ग्राम प्रधान हाजी मोहम्मद आरिफ की मृत्यु होने के बाद उपचुनाव हो रहा है। हालांकि यहां वोटरों में उत्साह कम ही नजर आया। इस ग्राम पंचायत में छह प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। कुल 9427 मतदाताओं में से 5461 मतदाताओं में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीन मतदान केंद्रों में 18 बूथ बनाए गए थे। कुल 57.50 प्रतिशत मतदान हुआ। एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार प्रकाश सिंह और कोतवाली प्रभारी बीनू सिंह ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति पर नजर बनाए रखी।
कोरवा में ग्राम प्रधान कटार सिंह का निधन होने पर उपचुनाव हुआ है। यहां कटार सिंह का बेटा नितिन कुमार एवं दूसरे पक्ष से अंकित कुमार चुनाव मैदान में हैं। ग्राम पंचायत के कुल 1660 मतदाताओं में से 1018 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। ग्राम पंचायत कोरवा की 653 वोट में से 570 वोट पड़े वहीं पंचायत के मजरे फरीदपुर में 507 वोट में से 448 वोट पड़े।