सहारनपुर जिले के 20 गांवों को स्वच्छता का पाठ सिखाने के बाद अब जिले के 55 गांवों में स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जाएगा। 18 जून को लखनऊ से टीम सहारनपुर पहुंचेगी और यहां के अधिकारियों, अध्यापकों और वालंटियर्स को प्रशिक्षित करेगी। उसके बाद गांवों में टीम तैयार कराई जाएंगी।
जिले के 20 गांवों में खुले में शौच से मुक्त करने का अभियान चलाया गया। जिनमें से अब तक 8 गांवों को पूरी तरह से खुले में शौच से मुक्त किया जा चुका है। लेकिन अब बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाए जाने की तैयारी है।
इस बार 55 गांवों को एक साथ स्वच्छ करने के लिए टीमों का गठन किया जा रहा है। हर माह नए 55 गांव स्वच्छता के लिए टारगेट पर लिए जाएंगे।
इसकी शुरुआत 18 जून से की जा रही है।
18 जून को लखनऊ से टीम आ रही है, जो जिले के अधिकारियों, अध्यापकों, गांवों से लिए गए वालंटियर्स को प्रशिक्षित करेगी। प्रत्येक ब्लॉक से 5 गांव लिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि एक माह के लिए सभी 55 गांवों में 5-5 लोगों की टीम लगाई जाएगी। सिर्फ एक माह के लिए की टीम कार्य करेगी।
इस दौरान गांव के लोगों की टीम तैयार कर ली जाएगी जो इस अभियान को तीन माह तक लगातार चलाएगी और इस दौरान मोहल्ले की टीमें बना दी जाएंगी। अगले माह अगले 55 गांवों को लिया जाएगा और इस वर्ष अधिक से अधिक गांवों को खुले में शौच से मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा।