सहारनपुर। जनपद में 55 सड़कों को नए सिरे से बनाया जाएगा। ये वो सड़कें हैं, जो तीन साल से अधिक पुरानी बनी हुई है। इनमें ज्यादातर सड़कें देहात क्षेत्र की हैं। लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
मौजूदा सरकार का ध्यान सड़कों पर है। हाईवे से लेकर शहर की बीच की सड़कें यहां तक कि देहात की छोटी सड़कों तक पर ध्यान दिया जा रहा है। यही वजह है कि तीन साल से अधिक समय से बनी सड़कों के पुनर्निमाण के लिए शासन ने सभी जनपदों से प्रस्ताव मांगे थे, जिससे की सड़कों को नए सिरे से बनाया जा सके। जनपद में ऐसी करीब 55 सड़कें हैं, जिनमें ज्यादातर देहात की हैं।
लोक निर्माण विभाग ने इन सड़कों को चिह्नित करते हुए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है, लेकिन निर्माण कार्य बरसात के बाद शुरू होगा। जिसके बाद देहात की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी और लोग एक गंतव्य से दूसरे गंतव्य तक आराम से पहुंच सकेंगे। इसमें पुराना कलसिया रोड, शकलापुरी मार्ग समेत शहर और देहात की सड़कें हैं।
विधायकों से भी मांगें हैं प्रस्ताव
देहात की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ही सरकार ने सभी विधायकों से पांच-पांच करोड़ रुपये की सड़कों के प्रस्ताव देने को कहा है। प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग इकट्ठा कर शासन को भेजेगा। जनपद के सभी विधायक और एमएलसी प्रस्ताव बनाकर लोक निर्माण विभाग को दे चुके हैं।
जिले में तीन साल से अधिक पुरानी या जर्जर सड़कें हैं, उन्हें नए सिरे से बनाया जाएगा। करीब 55 सड़कों को चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव मंजूर होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
- धर्मेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग