सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उप निबंधक कार्यालय सदर प्रथम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को पत्रावलियों के व्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। दस्तावेजों को प्रतिदिन अपलोड नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त की।
बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि दस्तावेजों के प्रतिदिन अपडेशन में कोई लापरवाही न बरती जाए। जिन विक्रय पत्रों की कार्रवाई पूरी हो चुकी है वह कार्यालय में लंबित न रहें। जिलाधिकारी ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को ठीक करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में बेहतर साफ सफाई के साथ ही फाइलों का ठीक प्रकार से रखरखाव किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को कोई भी निजी व्यक्ति कार्य करता हुआ नहीं पाया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।