पिछले वर्ष से पेराई कम, चीनी उत्पादन ज्यादा
सहारनपुर। जिले की शुगर मिलों ने गत वर्ष की तुलना में इस सीजन में 12.72 लाख क्विंटल गन्ने की कम पेराई की है। हालांकि इस बार चीनी की रिकवरी में 0.26 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने के कारण चीनी का उत्पादन बढ़ा है। जिले में चीनी के उत्पादन में तीन हजार क्विंटल की बढोत्तरी हुई है।
जनपद में गन्ने की उत्पादकता में कमी आई है। इसके चलते गत सीजन से 13.223 हेक्टेयर गन्ना रकबा अधिक होने के बावजूद चीनी मिलों को पेराई के लिए मिलने वाले गन्ने में कमी आई है। लेकिन लगातार बढ़ रही शुगर रिकवरी ने चीनी उत्पादन में कमी नहीं आने दी है। गत सीजन की अपेक्षा इस बार शुगर रिकवरी में 0.26 प्रतिशत की बढोत्तरी होने के चलते कम गन्ना पेराई के बाद भी तीन हजार क्विंटल अधिक चीनी का उत्पादन हुआ है।
जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिले की चीनी मिलों में इस बार पिछले सीजन की तुलना में पेराई के लिए कम गन्ना उपलब्ध हुआ है। इसके बाद भी चीनी के उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है। इसका कारण जिले की चीनी मिलों की शुगर रिकवरी का बढ़ना है। पिछले पांच वर्षों में जनपद की चीनी मिलों की शुगर रिकवरी में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।
------------------------------------------------------------------------------
पिछले पांच वर्षों का गन्ना रकबा, पेराई, चीनी उत्पादन और चीनी परता की स्थिति--
------------------------------------------------------------------------------
वर्ष------------ रकबा--------- गन्ना पेराई------- चीनी उत्पादन-------- चीनी परता
2014-15------90605-----------294.91------------26.34-----------------8.83
2015-16------79634-----------215.94------------21.08-----------------9.66
2016-17------75466-----------357.29------------35.22-----------------9.72
2017-18------91984-----------472.82------------49.92----------------10.56
2018-19-----105207----------460.08------------49.95----------------10.82
-----------------------------------------------------------------------------------
( रकबा हेक्टेयर में, गन्ना पेराई एवं चीनी उत्पादन लाख क्विंटल में,चीनी परता प्रतिशत में)