चिलकाना (सहारनपुर)। गांव फिरोजाबाद में काफी समय से निलंबित पड़ी सस्ते गल्ले की दुकान का खुली बैठक में सर्वसम्मति से आवंटन हो गया।
गौरतलब है कि चिलकाना के गांव फिरोजाबाद में राशन डीलर का एक वर्ष पूर्व निलंबन कर दिया गया था। बुधवार को गांव में स्थित पंचायत भवन में एक खुली बैठक का ग्राम प्रधान मंजूर हसन की अध्यक्षता में आयोजन किया गया। बैठक में डीएम के आदेश पर पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे एडीओ कोऑपरेटिव संजीव कुमार सैनी, एडीओ कृषि रक्षा बाबूराम वर्मा, ग्राम सचिव विंकित कुमार सैनी की देखरेख में ग्रामीणों द्वारा राशन विक्रेता हेतु रतन सिंह के नाम का आवेदन किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हाथ उठा कर रतन सिंह के नाम पर सहमति जताई। अधिकारियों ने अन्य किसी का आवेदन नहीं किए जाने की स्थिति में सर्वसम्मति से रतन सिंह पुत्र मोल्हू सिंह को राशन विक्रेता घोषित कर दिया गया। बैठक में पूर्व प्रधान खलील, पूर्व प्रधान हरिचंद, ग्राम सदस्य चौधरी फारूक, चौधरी इरशाद, चौधरी अरशद, मो. नौशाद, डॉ. जाकिर, विनोद सैनी, सुखबीर कांम्बोज, लक्ष्मी चंद, रघुवीर, चौधरी शमीम, रमेश, बलजीत आदि उपस्थित थे।